भारतीय जनता पार्टी ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और सशक्त भू-कानून की विशेषताओं को प्रदेश के हर नागरिक तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इन कानूनों की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश मुख्यालय से आयोजित वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हाल में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लागू किया गया भू-कानून प्रदेशवासियों की जनभावनाओं और अपेक्षाओं की पूर्ति करता है। लंबे समय से देवभूमि की भू-संपदा और सांस्कृतिक धरोहर की सुरक्षा के लिए सशक्त कानून की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है।
भाजपा का संगठनात्मक अभियान प्रदेश स्तर पर पार्टी ने व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू करने की योजना बनाई है, जिसके तहत विधानसभा स्तर तक विभिन्न समाजिक वर्गों को इन कानूनों की विशेषताओं से अवगत कराया जाएगा। भाजपा का मानना है कि इन कानूनों से प्रदेश में आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में संगठन पर्व कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें अटल जन्मशताब्दी वर्ष कार्यक्रम, संविधान गौरव अभियान और आगामी महिला दिवस से संबंधित गतिविधियों पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने संगठन पर्व के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अटल शताब्दी वर्ष को लेकर सुशासन दिवस के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों को गति देने का आह्वान किया। इसके अंतर्गत विचार गोष्ठियों, साहित्य संकलन, स्मृतियों के संग्रहण और संबंधित व्यक्तित्वों के सम्मान कार्यक्रमों को तेज किया जाएगा।
महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम बैठक में आगामी 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला मोर्चा, महिला विधायकों और पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। पार्टी इस अवसर पर महिलाओं को जागरूक करने और उनके अधिकारों की रक्षा हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी।
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने किया। बैठक में राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भाजपा विधायकगण और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भाजपा का यह कदम प्रदेश की जनता के बीच सरकार के निर्णयों की पारदर्शिता और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।