देहरादून नगर निगम चुनावों और दिल्ली विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद, कांग्रेस ने अपनी सभी संगठनों में बड़े स्तर पर बदलाव शुरू कर दिया है। इसी क्रम में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने भी अपने प्रदेश और जिला स्तर के कार्यकर्ताओं की नई सूची जारी की है। इस सूची में हरजोत सिंह को प्रदेश सचिव पद पर नियुक्त किया गया है।
हरजोत सिंह, देहरादून के छात्र राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा SGRR PG कॉलेज के छात्रसंघ चुनावों से शुरू की थी, जहां वे कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI के एकमात्र प्रमुख चेहरे के रूप में उभरे थे। उस समय वे ABVP और आर्यन ग्रुप के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे और कांग्रेस के विचारधारा का प्रतिनिधित्व किया।
हरजोत सिंह ने अपने छात्र कार्यकाल में कई बड़े आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाई है। चाहे अंब्रेला एक्ट आंदोलन हो, UKSSSC भर्ती घोटाला हो या पेपर लीक मामला, हरजोत छात्रों के हक के लिए हमेशा आगे रहे हैं। इसके अलावा, छात्रसंघ चुनाव बहाली को लेकर भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और प्रमुखता से आंदोलनों का नेतृत्व किया। उनकी जमीनी सक्रियता और संघर्षशील रवैया उन्हें छात्र राजनीति में एक मजबूत चेहरा बनाता है।
हरजोत की संगठनात्मक क्षमताओं और नेतृत्व कौशल को देखते हुए, NSUI ने उन्हें प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति दर्शाती है कि कांग्रेस और उसकी छात्र इकाई अब उन जमीनी कार्यकर्ताओं को पहचान देने लगी है, जिन्होंने वर्षों से पार्टी के लिए संघर्ष किया है।
NSUI प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी द्वारा जारी इस सूची में, प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव और जिला अध्यक्षों सहित कई प्रमुख नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि युवा और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाने से संगठन को मजबूती मिलेगी।
हरजोत सिंह की नियुक्ति से NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। समर्थकों का मानना है कि यह कदम आने वाले छात्र संघ और युवा राजनीति में कांग्रेस की मजबूत पकड़ बनाने में सहायक होगा।